Chhattisgarh

8 नए साइबर थानों समेत 255 करोड़ के पुलिस भवनों का सीएम ने किया वर्चुअली लोकार्पण

8 नए साइबर थानों समेत 255 करोड़ के पुलिस भवनों का सीएम ने किया वर्चुअली लोकार्पण

मुख्यमंत्री साय बोले– बेहतर सुविधाओं से पुलिस को सकारात्मक माहौल में काम करने की मिलेगी प्रेरणा

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में पुलिस व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों, थाना भवनों और पुलिस आवासीय परिसरों का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों पर करीब 255 करोड़ रुपए की लागत आई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन पुलिस बल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना भवन, साइबर थाने, एसडीओपी कार्यालय, चौकियां, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन पुलिसकर्मियों को सकारात्मक और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराएंगे, जिससे वे अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे।


👮‍♂️ कानून व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर आवासीय और कार्य सुविधाएं मिलें। इससे न सिर्फ उनके मनोबल में वृद्धि होगी, बल्कि प्रदेश की कानून व्यवस्था भी और मजबूत होगी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए संबंधित एजेंसियों की सराहना की और कहा कि यह पहल सुदूर अंचलों तक सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने में मददगार साबित होगी।


💻 साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए बड़ा कदम

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए प्रदेश में साइबर पुलिस थानों का विस्तार किया जा रहा है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है। इससे पहले प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने संचालित थे। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत रक्षित वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स चौकी और कई आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया। गृहमंत्री ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।


🏗️ इन जिलों में हुआ लोकार्पण

आज जिन प्रमुख भवनों और परिसरों का लोकार्पण हुआ, उनमें बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के पुलिस थाना भवन, भारत रक्षित वाहिनी परिसर, एसडीओपी कार्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन शामिल हैं।


👥 वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, डीजीपी अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के एमडी पवन देव, सहित कई एडीजी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *