रायपुर। राजधानी के वीआईपी चौक पर खंडित की गई छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को पुनः स्थापित कर दिया गया है। रविवार को हुई इस घटना से उपजा आक्रोश अब शांत होने लगा है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने की जानकारी सामने आ रही है।
घटना के बाद तेजी से हुई कार्रवाई
तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित इस प्रतिमा को रविवार को अज्ञात व्यक्ति ने उखाड़ दिया था। घटना के बाद स्थानीय लोग और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के सदस्यों ने तीखा विरोध जताया था। मामला बढ़ता देख पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
मुख्यमंत्री साय ने दिए थे सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना के बाद स्पष्ट शब्दों में कहा था कि राज्य की अस्मिता का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय है। इसी निर्देश के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को फिर से उसी स्थान पर स्थापित कराया।
आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के अनुसार, प्रतिमा को क्षति पहुँचाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। चिकित्सा परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में संतोष
नई प्रतिमा स्थापित होते ही क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा वापस लगना केवल एक मूर्ति की पुनर्स्थापना नहीं, बल्कि प्रदेश की अस्मिता और गौरव की वापसी है।
