Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: रायपुर के फार्म हाउसों में रेव पार्टियों और अवैध गतिविधियों पर कांग्रेस विधायक का सवाल, गृहमंत्री विजय शर्मा ने गिनाई कार्रवाई

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र: रायपुर के फार्म हाउसों में रेव पार्टियों और अवैध गतिविधियों पर कांग्रेस विधायक का सवाल, गृहमंत्री विजय शर्मा ने गिनाई कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने राजधानी रायपुर के फार्म हाउसों में रेव पार्टियों, अवैध शराबखोरी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों का मुद्दा सदन में उठाया। इस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने दर्ज शिकायतों और की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सदन में प्रस्तुत की।

कांग्रेस विधायक चातुरी नंद ने पूछा था कि रायपुर जिले में वर्ष 2024-25 से लेकर 30 जनवरी 2026 तक फार्म हाउसों में अवैध गतिविधियों, शराबखोरी और रेव पार्टियों की शिकायतों पर कब-कब क्या कार्रवाई की गई। साथ ही फार्म हाउसों के नाम, अवैध संचालनकर्ताओं और उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा मांगा गया।

गृहमंत्री ने लिखित जवाब में दी कार्रवाई की जानकारी

गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में उक्त अवधि के दौरान दर्ज मामलों और उन पर हुई कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए अलग-अलग तिथियों पर कार्रवाई की गई है।

प्रमुख मामलों का विवरण इस प्रकार है—

  • 15 नवंबर 2024 को विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा स्थित सतपाल फार्म हाउस में अवैध रूप से हुक्का पीने की सूचना पर कार्रवाई की गई। इस मामले में शेखर यासम, शोएब आलम, श्रेष्ठ शर्मा, अनमोल जदवानी, विनेश लालवानी और संजय महानंद के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। फार्म हाउस के संचालक सतपाल सिंह हैं।
  • 7 मई 2025 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र के फुंडहर वीआईपी रोड स्थित आदित्य फार्म हाउस में पार्टी के दौरान अवैध रूप से हुक्का पिलाते पाए जाने पर संचालक आकाश सारथी तथा विकास सिंह के खिलाफ तंबाकू अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
  • 15 सितंबर 2025 को पुनः उसी आदित्य फार्म हाउस में अवैध हुक्का पिलाने के मामले में संचालक आकाश सारथी और उसके मैनेजर हरनित सिंह चावला के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
  • 18 दिसंबर 2025 को विधानसभा थाना क्षेत्र के जेडी फार्म हाउस, ग्राम पिरदा में गुंडागर्दी की सूचना पर संचालक अमन दुलानी सहित 15 पुरुषों और 7 महिलाओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
  • 25 अप्रैल 2024 को विधानसभा थाना क्षेत्र के श्रीराम फार्म हाउस, पिरदा में अवैध हुक्का पिलाने पर राजेंद्र कुमार कोली, सेम्युअल मसीह और नईम सैफी के खिलाफ तंबाकू अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इस फार्म हाउस के संचालक संजय गुप्ता हैं।
  • 3 सितंबर 2024 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सतपाल फार्म हाउस, ग्राम पिरदा में अवैध हुक्का पिलाने पर अरशद अली उर्फ मोंटी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
  • 15 नवंबर 2024 को सतपाल सिंह के पिरदा स्थित फार्म हाउस में जुआ खेलते पाए जाने पर आकाश सिन्हा, छोटू सागर, नरेंद्र साहू, रामेश्वर सिंह, सौरभ सिंह और मनजीत सिंह के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

गृह मंत्री ने कहा कि राजधानी में फार्म हाउसों में अवैध गतिविधियों को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *