रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। प्रदेश में गर्मी ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा नहीं हुई।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। इस दौरान हवा की औसत गति करीब 2 किमी प्रति घंटा रही। आर्द्रता सुबह लगभग 50 प्रतिशत और शाम को 25 प्रतिशत तक दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 70 डिग्री पूर्व और 35 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में 28 फरवरी तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
उन्होंने बताया कि अगले 6 दिनों में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि होगी, जो करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
राजधानी रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
