रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड ने साफ तौर पर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिन राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसी को देखते हुए प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायपुर समेत 7 जिलों के कुछ इलाकों में तीव्र शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग का मैनपाट सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान इतना गिर गया कि बर्फ जमने जैसी स्थिति नजर आई। अंबिकापुर, मैनपाट समेत पूरे सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है।
राजधानी रायपुर में भी बढ़ी ठंड की चुभन
रायपुर का माना एयरपोर्ट इन दिनों ठंड का नया केंद्र बनता जा रहा है। यहां रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है और सर्द हवाएं हड्डियों तक असर कर रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रात और सुबह की ठंड आने वाले दिनों में और तेज होगी।
दिसंबर के दूसरे हफ्ते में और बढ़ सकती है सर्दी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यदि किसी पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं पड़ा, तो दिसंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड और तीखी हो सकती है। फिलहाल उत्तरी हवाएं ठंड को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
- रायपुर – न्यूनतम 12.3 | अधिकतम 29.8
- माना – न्यूनतम 8.4 | अधिकतम 28.5
- बिलासपुर – न्यूनतम 10.4 | अधिकतम 29.0
- पेंड्रा – न्यूनतम 10.6 | अधिकतम 26.0
- अंबिकापुर – न्यूनतम 5.3 | अधिकतम 26.7
- जगदलपुर – न्यूनतम 9.9 | अधिकतम 29.2
- दुर्ग – न्यूनतम 8.9 | अधिकतम 30.9
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी में सुबह के समय हल्की धुंध छा सकती है। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
10 से 12 दिसंबर के बीच गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा जिले प्रभावित हो सकते हैं।
वहीं सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, सरगुजा, रायपुर और दुर्ग के कुछ इलाकों में तीव्र शीतलहर की चेतावनी दी गई है।
सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों के इस्तेमाल और खुले में देर तक न रहने की हिदायत दी गई है।
