जगदलपुर।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में चोरों ने आस्था के केंद्र को भी नहीं बख्शा। शहर के प्रसिद्ध माता दंतेश्वरी मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के पीछे बने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और माता के सोने-चांदी के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। सुबह मंदिर पहुंचने पर जब कर्मचारियों को ताले टूटे मिले, तब चोरी की जानकारी सामने आई।
सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें एक संदिग्ध चोर कैमरे में कैद हुआ है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि चोरों की आवाजाही का पूरा रूट ट्रेस किया जा सके।
फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम टूटे ताले, दरवाजे और अन्य भौतिक साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि तकनीकी सबूत जुटाए जा सकें।
दर्शन अस्थायी रूप से बंद
जांच कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए फिलहाल आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
