रायपुर। राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार सुबह नगर निगम की टीम ने राजा तालाब क्षेत्र के झंडा चौक स्थित आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के मकान को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा।
नगर निगम की ओर से पहले आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा कर सात दिनों के भीतर भवन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। तय समयसीमा में दस्तावेज पेश नहीं किए जाने के बाद निगम ने आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के वक्त मौके पर रहा प्रशासन
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान पुलिस, नगर निगम अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में गलत संदेश न जाए, इसके लिए ऐसे मामलों में प्रशासन को सख्ती दिखानी चाहिए।
महापौर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, कुछ दिन पहले रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की दुकान और मकान पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद नगर निगम ने प्रक्रिया पूरी कर यह कदम उठाया।
लालच देकर मासूम को बनाता था शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाला आरोपी छोटी दुकान चलाता था, जहां वह चूड़ियां, चॉकलेट और अन्य सामान बेचता था। इन्हीं चीजों का लालच देकर वह 9 वर्षीय बच्ची को अपने घर ले जाता था। आरोप है कि 7 से 11 जनवरी के बीच उसने कई बार बच्ची के साथ घिनौनी हरकत की।
इलाके में आक्रोश, न्याय की मांग
घटना के सामने आने के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
