कोयला चोरी के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने की आशंका
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित SECL की मानिकपुर कोयला खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे एक ग्रामीण की 170 फीट गहरी खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक कोयला चोरी के इरादे से खदान के भीतर गया था।
मृतक की पहचान ग्राम कुदारी निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह दोपहर के समय खदान क्षेत्र में दाखिल हुआ था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गहरी खदान में जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
यह घटना SECL प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। मानिकपुर खदान से लगे कुदारी, रापाखरा, ढेलवाडीह, दादर मानिकपुर और भिलाई खुर्द जैसे गांवों से कोयला चोरी की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। इसके बावजूद खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में ग्रामीणों की आवाजाही कैसे हो रही है, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी का कोयला आसपास के ढाबों और बस्तियों में सस्ते दामों पर बेचा जाता है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां इसे रोकने में नाकाम नजर आ रही हैं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि खदान में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
