Chhattisgarh

पैसे मांगने के आरोप से मचा पुलिस महकमे में हड़कंप, पूर्व ASP बोले– साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश, IG ने SSP को सौंपी जांच

पैसे मांगने के आरोप से मचा पुलिस महकमे में हड़कंप, पूर्व ASP बोले– साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश, IG ने SSP को सौंपी जांच

बिलासपुर।
न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस विभाग उस वक्त सुर्खियों में आ गया, जब एक स्पा संचालक ने पूर्व एडिशनल एसपी पर डराने-धमकाने और अवैध रूप से पैसे मांगने का आरोप लगाया। शिकायत के साथ वायरल वीडियो और कथित स्टिंग सामने आने के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस महानिरीक्षक (IG) ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश देते हुए एसएसपी बिलासपुर को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है।

स्पा संचालक का आरोप, सबूतों के साथ की शिकायत

स्पा संचालक ने आईजी संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत देकर कहा है कि पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल द्वारा उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा जा रहा था और पैसों की मांग की जा रही थी। शिकायत के साथ व्हाट्सएप कॉल स्क्रीनशॉट और एक वीडियो भी संलग्न किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने पूरे घटनाक्रम का स्टिंग रिकॉर्ड किया है, जिसमें कथित तौर पर धमकी और पैसों की बातचीत सामने आती है। लगातार दबाव से परेशान होकर उसने मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया।

IG का सख्त रुख, 7 दिन में रिपोर्ट मांगी

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के आईजी ने तत्काल जांच के आदेश जारी किए हैं। एसएसपी बिलासपुर को निर्देश दिया गया है कि वे वायरल वीडियो, ऑडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की बारीकी से जांच कर सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

पूर्व ASP का पलटवार, बोले– यह साजिश है

वर्तमान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जायसवाल ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे षड्यंत्र बताया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो उस समय का है जब वे बिलासपुर में एडिशनल एसपी के रूप में पदस्थ थे। संबंधित व्यक्ति उनके चेंबर में किसी एफआईआर को लेकर आया था और दस्तावेजों की बात कही गई थी।

जायसवाल के मुताबिक, बातचीत के दौरान युवक ने अभद्र टिप्पणी की, जिस पर उसे डांटा गया। उन्होंने साफ किया कि वीडियो में कहीं भी पैसों की मांग नहीं की गई है। उनका कहना है कि बाद में वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया, ताकि उनकी और पुलिस विभाग की छवि खराब की जा सके।

जांच के लिए तैयार होने का दावा

पूर्व ASP ने यह भी कहा कि स्पा संचालन से जुड़ी अनैतिक गतिविधियों पर कार्रवाई की चेतावनी को गलत अर्थ में पेश किया जा रहा है। उन्होंने खुद को जांच के लिए पूरी तरह तैयार बताते हुए कहा कि सच्चाई सामने आने पर साजिश बेनकाब हो जाएगी।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *