Chhattisgarh

सामूहिक विवाह में जा रहे 54 जोड़ों से भरी बस हादसे का शिकार, गड्ढे में गिरने से सभी यात्री घायल

सामूहिक विवाह में जा रहे 54 जोड़ों से भरी बस हादसे का शिकार, गड्ढे में गिरने से सभी यात्री घायल

मनेन्द्रगढ़।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे 54 जोड़ों की बस मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही दुर्गा बस पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर रेलवे स्टेशन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

हादसे के समय बस में विवाह कार्यक्रम में शामिल होने वाले 54 जोड़े और उनके परिजन सवार थे। दुर्घटना में बस में मौजूद सभी यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई को गंभीर चोटें आने की सूचना है। सभी घायलों को तत्काल नागपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे यात्रियों और घायलों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक और कंडक्टर की तलाश जारी है।

इस हादसे ने एक बार फिर सामूहिक आयोजनों में परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *