अंबिकापुर। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक महामाया चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीच पहले ट्रैफिक जवान युवक को थप्पड़ मारता है, जिसके जवाब में युवक भी पुलिसकर्मी को तमाचा जड़ देता है।
नियम उल्लंघन से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, यातायात थाने में पदस्थ एक जवान शाम के समय महामाया चौक पर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार तीन युवक महामाया रोड से देवीगंज रोड की ओर जा रहे थे। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए जवान ने स्कूटी को रोका और चाबी निकाल ली। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
थप्पड़ों तक पहुंचा मामला
वीडियो में नजर आता है कि बहस के दौरान ट्रैफिक जवान ने पहले युवक को दो थप्पड़ मारे। इसके बाद युवक ने भी गुस्से में आकर पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। जब युवक ने दोबारा हाथ उठाने की कोशिश की, तो जवान ने उसे रोक लिया। इस बीच धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मी की टोपी और वॉकी-टॉकी सड़क पर गिर गई। दोनों एक-दूसरे का कॉलर पकड़ते हुए भी दिखाई दिए।
वॉकी-टॉकी से थाने को सूचना, युवक ने किया फोन
घटना के दौरान ट्रैफिक जवान ने वॉकी-टॉकी के जरिए यातायात थाने को सूचना दी, वहीं युवक भी अपने मोबाइल फोन से किसी को कॉल करता नजर आया। आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
जातिगत गाली-गलौज के आरोप, युवक ने किया इनकार
मामले में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने युवक पर जातिगत गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक का कहना है कि उसने पुलिसकर्मी को उस दिन पहली बार देखा था और वह उसका नाम तक नहीं जानता। युवक का दावा है कि जवान ने वर्दी के ऊपर जैकेट पहन रखी थी, जिससे नेम प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे में जातिगत गाली देने का सवाल ही नहीं उठता।
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ युवक की हरकत को भी गलत बता रहे हैं। फिलहाल मामले को लेकर आधिकारिक स्तर पर जांच या कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।
