Chhattisgarh

रायपुर में बैंक ग्राहक की FD से 14.97 लाख की हेराफेरी, डिप्टी मैनेजर पर फर्जी फॉर्म से रकम ट्रांसफर कराने का आरोप

रायपुर में बैंक ग्राहक की FD से 14.97 लाख की हेराफेरी, डिप्टी मैनेजर पर फर्जी फॉर्म से रकम ट्रांसफर कराने का आरोप

रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंक ग्राहक के साथ कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा के डिप्टी मैनेजर पर आरोप है कि उन्होंने ग्राहक की जानकारी और सहमति के बिना फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए मोबाइल नंबर बदलवाया और करीब 14.40 लाख रुपए की FD समय से पहले तुड़वा दी। इसके बाद खाते में मौजूद रकम मिलाकर करीब 14.97 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।

मामले में गंज थाना पुलिस ने बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्जी फॉर्म के जरिए बदला मोबाइल नंबर

मामला देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक की शाखा का है, जहां सुषमा कुमार का खाता है। शिकायत के मुताबिक, बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर बिना ग्राहक की जानकारी और सहमति के फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म का इस्तेमाल कर खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया।

इसके बाद ग्राहक की करीब 14.40 लाख रुपए की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को समय से पहले बंद कर दिया गया। FD की रकम बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में पहले से मौजूद राशि को मिलाकर कुल करीब 14.97 लाख रुपए गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर किए गए।

दूसरे खाते में पहुंची रकम, चेक और ATM से निकासी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर ट्रांसफर की गई रकम इंडियन सेल्स के खाते में गई थी। इस खाते का संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि खाते में रकम पहुंचने के बाद चेक और ATM के जरिए पैसे निकाले गए।

7 अगस्त को सामने आया मामला

बताया जा रहा है कि 7 अगस्त को सुषमा कुमार बैंक पहुंचीं और अपने खाते की जानकारी ली। इसी दौरान खाते में हुई संदिग्ध गतिविधियों और रकम की गड़बड़ी का पता चला। इसके बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की।

बैंक की आंतरिक जांच में कथित अनियमितता सामने आने के बाद बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बैंक रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन की जांच जारी

पुलिस ने डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस बैंक के रिकॉर्ड, कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म, FD से जुड़े दस्तावेज, चेक और ATM ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित फर्जीवाड़े में और कितने लोग शामिल हैं और रकम निकालने में किस-किस की भूमिका रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *