स्पोर्ट्स डेस्क। हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को अपने दूसरे पूल मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने मुकाबले में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने लगातार तीन गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया।
इस हार के बाद भारत के लिए अगला मुकाबला बेहद अहम हो गया है। अब टीम इंडिया 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी, जहां जीत अगले दौर में पहुंचने की राह आसान करेगी।
पहले हाफ में भारत ने पलटी बाजी
भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की, लेकिन इंग्लैंड ने पहले गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार वापसी की।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 16वें मिनट में गोल करके भारत को 1-1 की बराबरी दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने 24वें मिनट में गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया।
पहले हाफ के बाद भारतीय टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की।
दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने लगातार तीन गोल दागे
तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने भारतीय डिफेंस पर दबाव बढ़ा दिया। स्टुअर्ट रशमेयर ने 38वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।
इसके बाद हेनरी क्रॉफ्ट ने 42वें मिनट में गोल दागते हुए इंग्लैंड को 3-2 की बढ़त दिला दी। चौथे क्वार्टर में भारत ने बराबरी की काफी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड ने डिफेंस को मजबूती से संभाले रखा।
54वें मिनट में बैंडुराक ने अपना दूसरा गोल करते हुए इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी। इसके बाद भारत की वापसी की कोशिशें सफल नहीं हो सकीं और इंग्लैंड ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पूल डी में इंग्लैंड शीर्ष पर
इंग्लैंड की जीत के बाद वह पूल डी की अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारत दो मैचों में तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स को 3-1 से हराकर की थी। उस मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए थे, जबकि संजय ने भी पेनल्टी कॉर्नर के जरिए एक गोल किया था।
पाकिस्तान के खिलाफ होगा अगला मुकाबला
इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद अब भारत का अगला मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान से होगा। यह मैच भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
पूल डी में भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स शामिल हैं। पाकिस्तान के दो मैचों में फिलहाल एक अंक है। ऐसे में भारत के पास अगले दौर में जगह बनाने का मजबूत मौका है।
पाकिस्तान के खिलाफ जीत या ड्रॉ भारत को अगले दौर में पहुंचा सकता है, जबकि हार की स्थिति में टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट का सफर खत्म हो सकता है। अब सभी की नजरें भारत-पाकिस्तान के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।
