National

नितिन नबीन की नई BJP टीम में बड़ा बदलाव, 65 में 51 नए चेहरे; 12 महिलाओं को मिली जगह

नितिन नबीन की नई BJP टीम में बड़ा बदलाव, 65 में 51 नए चेहरे; 12 महिलाओं को मिली जगह

नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पद संभालने के करीब 209 दिन बाद 17 अगस्त 2026 को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में कुल 65 सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें 51 नए चेहरे शामिल हैं। यानी करीब 78.5 फीसदी सदस्य नए हैं। वहीं 14 पुराने चेहरों को दोबारा संगठन में जगह मिली है।

नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 राष्ट्रीय सदस्य शामिल हैं। टीम में 12 महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी गई है, जो कुल सदस्यों का करीब 18 फीसदी है।

राम माधव और स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी

नितिन नबीन की नई टीम में कई पुराने और चर्चित चेहरों की वापसी हुई है। राम माधव को करीब छह साल बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्मृति ईरानी को लगभग ढाई साल बाद राष्ट्रीय महासचिव बनाकर संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।

उत्तर प्रदेश से तारिक मंसूर और बासित अली को भी राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है।

दिल्ली से सबसे ज्यादा 10 सदस्य

नई राष्ट्रीय टीम में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व दिल्ली का है, जहां से 10 नेताओं को जगह मिली है। इसके बाद उत्तर प्रदेश से 8, मध्य प्रदेश से 6, महाराष्ट्र से 5 और राजस्थान व गुजरात से 4-4 सदस्य शामिल किए गए हैं।

उत्तराखंड से 4 और बिहार से 3 नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। वहीं गोवा, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश से इस टीम में किसी नेता को जगह नहीं दी गई है।

73 साल की वसुंधरा सबसे वरिष्ठ, 35 साल के हेमांग सबसे युवा

नई टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 73 वर्ष की उम्र के साथ सबसे वरिष्ठ चेहरा हैं। वहीं डॉ. हेमांग जोशी 35 वर्ष की उम्र में टीम के सबसे युवा सदस्य हैं।

नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ बड़ी संख्या में नए चेहरों को शामिल किया गया है। इससे भाजपा के केंद्रीय संगठन में व्यापक बदलाव का संकेत माना जा रहा है।

BJP की नई टीम में 12 महिलाओं को जिम्मेदारी

नितिन नबीन की टीम में कुल 12 महिलाओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इसके अलावा रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

महिलाओं में सबसे ज्यादा प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश की तीन नेताओं का है। महाराष्ट्र से दो और अन्य राज्यों से एक-एक महिला को टीम में जगह मिली है।

अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को IT सेल की कमान

भाजपा ने दीपक म्हस्के को पार्टी के IT सेल का नया प्रमुख नियुक्त किया है। उन्होंने अमित मालवीय की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है।

दीपक म्हस्के की पृष्ठभूमि भी अलग है। वे केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं और उन्हें चुनावी डेटा एनालिसिस, कृषि, सरकारी योजनाओं तथा पब्लिक सेक्टर से जुड़े क्षेत्रों में काम करने का अनुभव है। नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी के डिजिटल और डेटा आधारित संगठनात्मक कामकाज में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *