जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर एक बार फिर बड़ी सफलता मिलने जा रही है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने शुक्रवार, 17 अक्टूबर को 140 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण करने वाले हैं। आत्मसमर्पण कार्यक्रम जगदलपुर में आयोजित होगा, जिसके लिए प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बीच, माड़ इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें नक्सलियों का बड़ा जत्था इंद्रावती नदी पार करते हुए बीजापुर की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। वीडियो में माओवादी अपने कंधों पर हथियार लटकाए हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह दल उत्तर पश्चिम सब-जोनल प्रभारी रूपेश की अगुवाई में आत्मसमर्पण के लिए भैरमगढ़ की दिशा में जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, 140 से अधिक नक्सली और लगभग 100 से ज्यादा हथियारों के साथ सरेंडर करने की तैयारी में हैं। यह कदम नक्सल प्रभावित इलाकों में चल रही सरकार की आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

कांकेर में भी 50 नक्सलियों ने किया था आत्मसमर्पण
इससे पहले कांकेर के कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में भी आत्मसमर्पण की बड़ी घटना सामने आई थी, जहां स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भास्कर मंडावी की अगुवाई में 50 माओवादियों ने बुधवार को आत्मसमर्पण किया था।
“रेड कार्पेट बिछाकर करेंगे स्वागत” — उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “बड़ी संख्या में नक्सली मुख्यधारा में लौटने के लिए तैयार हैं। सरकार उनका रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने रूपेश और उसके साथी औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण करेंगे।”
पुलिस विभाग ने पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और मीडिया कवरेज की विस्तृत योजना तैयार की है। इस आत्मसमर्पण को राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सामूहिक पहल माना जा रहा है।
