बीजेपी का बड़ा फैसला
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन (CP Radhakrishnan) को उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का उम्मीदवार घोषित किया है। यह फैसला रविवार को हुई भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया गया।
शुरुआती जीवन और शिक्षा
चंद्रपुरम पोन्नुस्वामी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तिरुपुर, तमिलनाडु में हुआ था। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की पढ़ाई की।
संघ से जुड़ाव और राजनीतिक शुरुआत
राधाकृष्णन ने 1974 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़कर सामाजिक जीवन की शुरुआत की। इसके बाद वे भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने।
सांसद और संसदीय भूमिकाएँ
1998 और 1999 में वे कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। सांसद रहते हुए उन्होंने कपड़ा समिति के अध्यक्ष और कई संसदीय समितियों में अहम भूमिका निभाई।
2004 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी संबोधित किया और वे ताइवान जाने वाले पहले संसदीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष
2004 से 2007 तक राधाकृष्णन तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष रहे। इस दौरान उन्होंने 93 दिनों तक चलने वाली 19,000 किलोमीटर लंबी रथ यात्रा निकाली, जिसमें समान नागरिक संहिता, आतंकवाद उन्मूलन और सामाजिक समानता जैसे मुद्दे उठाए।
राज्यपाल के रूप में कार्यकाल
- फरवरी 2023 में राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- जुलाई 2024 में उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
राज्यपाल रहते हुए उन्होंने सक्रियता दिखाते हुए जिलों का दौरा किया और नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया।
अन्य जिम्मेदारियाँ
2016 में उन्हें कोयर बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। उनके नेतृत्व में भारत से कॉयर निर्यात रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा।
2020 से 2022 तक वे केरल भाजपा के प्रभारी भी रहे।
खेलों में रुचि
राजनीति के साथ-साथ राधाकृष्णन खेलों में भी सक्रिय रहे। वे कॉलेज स्तर पर टेबल टेनिस चैंपियन, लंबी दूरी के धावक और क्रिकेट व वॉलीबॉल के शौकीन हैं।
