Chhattisgarh

राजधानी रायपुर में 38 लाख की उठाईगिरी, रजिस्ट्री कराने आए एफसीआई अफसर की कार से रकम चोरी, परिचित समेत 4 हिरासत में

राजधानी रायपुर में 38 लाख की उठाईगिरी, रजिस्ट्री कराने आए एफसीआई अफसर की कार से रकम चोरी, परिचित समेत 4 हिरासत में

रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन की रजिस्ट्री कराने आए एक अफसर की कार से 38 लाख रुपये चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ऑक्सीजोन इलाके की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है और मामले में अफसर के एक परिचित सहित चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर हुई वारदात

मंदिर हसौद निवासी और Food Corporation of India (FCI) में पदस्थ अफसर ज्ञानप्रकाश पाण्डेय सोमवार को कलेक्टोरेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी कार में ही नोटों से भरा बैग रखकर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कार से बैग गायब हो गया।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

रकम गायब होने का पता चलते ही अफसर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची।

रखवाली करने वाले की नीयत हुई खराब

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस परिचित को अफसर ने रकम की निगरानी के लिए साथ रखा था, उसी की नीयत बिगड़ गई। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से रकम गायब कर दी। पूछताछ के दौरान एक आरोपी के पास से पूरी 38 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली गई।

जल्द होगा खुलासा

फिलहाल चारों संदिग्ध हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आधिकारिक खुलासा किया जाएगा। घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है, जिसने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *